पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में 17 वर्षीय छात्रा से रेप और हत्या के मामले में गिरफ्तार 23 वर्षीय आरोपी की पुलिस फायरिंग में मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, सोमवार रात क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर गोली चलाने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी को गोली लगी.
गोली लगने के बाद आरोपी को चांदपाड़ा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है. अधिकारियों के मुताबिक, रिवॉल्वर छीने जाने से लेकर फायरिंग तक घटनाक्रम कैसे हुआ, इसकी जांच की जा सकती है.
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग के दौरान कुछ पुलिसकर्मी पास की नहर में छिपकर बचाव करते रहे. इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की जानकारी नहीं है. आरोपी के परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने घटना पर नाराजगी जताई. इलाके में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.
छात्रा का शव पड़ोसी के घर के बाहर मिला
पुलिस के अनुसार, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा अपने नाना-नानी के साथ रहती थी. वह शनिवार रात घर के पास आयोजित एक म्यूजिक प्रोग्राम में गई थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे फोन आने के बाद वह कार्यक्रम से चली गई, लेकिन घर नहीं लौटी. रविवार सुबह उसका शव गायघाटा इलाके में एक पड़ोसी के घर के बाहर मिला. शुरुआती जांच में उसके सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले थे.
यह घटना पुलिस मुठभेड़ में आरोपी की मौत से जुड़ी दूसरी ऐसी घटना बताई जा रही है. इससे पहले जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची से रेप और हत्या के मामले के मुख्य आरोपी की भी क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग के बाद मौत हुई थी.
पांच महीने में रेप के 2,454 मामले
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के हवाले से RTI के जवाब में 1 मई से 24 सितंबर के बीच पश्चिम बंगाल में रेप के 2,454 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. इसी अवधि में हत्या के 600, हत्या की कोशिश के 13,114 और गंभीर चोट पहुंचाने के 32,341 मामले दर्ज होने का दावा किया गया है. यह RTI आवेदन TMC नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने दाखिल किया था.
