उत्तराखंड के गैरसैंण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह नई योजनाएं और 34.04 करोड़ रुपये की छह पूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं.

नई योजनाओं में गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों की पेयजल जरूरतों के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण प्रमुख है. इस परियोजना की लागत 122.69 करोड़ रुपये बताई गई है. कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए 50.18 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य भी शुरू किए जाएंगे.

इसके अलावा राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन, बछुवाबाण स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के अनुरक्षण और कई सड़क संपर्क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया.

पूर्ण परियोजनाओं में खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग का उच्चीकरण, राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण का ऑडिटोरियम, दो सड़क सुधार कार्य, फायर यूनिट भवन और थाना गैरसैंण भवन शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार, इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल, आवागमन, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं का विस्तार होगा.