नई दिल्ली में बुधवार को ‘Timeless India: Protection & Revival of Indian Cultural Identity under the Leadership of Prime Minister Narendra Modi’ पुस्तक का विमोचन हुआ. इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत केवल भौगोलिक सीमाओं से परिभाषित इकाई नहीं है, बल्कि हजारों वर्षों की निरंतरता, ज्ञान, आध्यात्मिक साधना, संघर्ष और अनुभव से निर्मित सांस्कृतिक राष्ट्र है.

धरोहर भवन में आयोजित कार्यक्रम में शेखावत ने कहा कि भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक चेतना सदियों से निरंतर प्रवाहित होती रही है. उनके अनुसार, भारत ने संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के जरिए दुनिया की विभिन्न सभ्यताओं से संबंध बनाए. उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपराओं, स्थापत्य विरासत और सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक आकर्षण का केंद्र बताया.

मंत्री ने औपनिवेशिक शासन के दौर का भी उल्लेख किया. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) के बयान के अनुसार, उन्होंने कहा कि उस समय भारतीयों में अपनी सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं के प्रति गौरव की भावना को कमजोर करने के प्रयास हुए, जिसका असर ज्ञान परंपराओं और सांस्कृतिक आदर्शों को देखने के नजरिए पर पड़ा.

उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता की खासियत यह है कि वह अतीत से प्रेरणा लेते हुए भविष्य की ओर बढ़ती है. भगवान राम और भगवान कृष्ण से जुड़े आदर्शों के साथ संतों, विचारकों और ज्ञान के साधकों की परंपराओं को उन्होंने भारत की सांस्कृतिक चेतना की बुनियाद बताया.

IGNCA और सुभी पब्लिकेशंस द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का संपादन पूर्व राज्यसभा सदस्य तरुण विजय ने किया है. पुस्तक में स्मारकों के संरक्षण, सांस्कृतिक पहचान के पुनर्जीवन और देश की ऐतिहासिक स्मृति को ‘डीकोलोनाइज’ करने से जुड़े विमर्श पर ध्यान दिया गया है.

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और पूर्व राज्यसभा सदस्य विनय सहस्रबुद्धे सहित अन्य लोग मौजूद रहे. अलग से, भारतीय पाक कला संस्थान और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए. इसके तहत अगले शैक्षणिक सत्र से संस्थान के BBA और MBA कार्यक्रमों को JNU की मान्यता मिलेगी और विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जा सकेगी.