गणेश चतुर्थी की पूजा, भोग और प्रसाद के लिए बताशे घर पर भी बनाए जा सकते हैं. इसके लिए केवल चीनी, पानी और थोड़े से बेकिंग सोडा की जरूरत होती है. इन्हें तैयार करने के लिए किसी खास सांचे या मशीन की आवश्यकता नहीं पड़ती.

सामग्री

- 1 कप चीनी - आधा कप पानी - 2 चुटकी बेकिंग सोडा - थाली को चिकना करने के लिए थोड़ा सा घी

इस तरह तैयार करें बताशे

सबसे पहले एक बड़ी और साफ थाली लें. उस पर बहुत हल्की परत में घी लगा दें, ताकि तैयार बताशे आसानी से निकल सकें. घी की मोटी परत लगाने की जरूरत नहीं है.

अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं. इसे लगातार चलाते रहें, जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए. चीनी घुलने के बाद आंच तेज कर दें और चाशनी को कुछ देर पकने दें. जब चाशनी गाढ़ी होने लगे, तब आंच धीमी कर दें.

अब इसमें दो चुटकी बेकिंग सोडा डालें. सोडा मिलाते ही मिश्रण तेजी से फूल सकता है, इसलिए इसे तुरंत और तेजी से मिलाएं. मिश्रण अच्छी तरह फूल जाए तो गैस बंद कर दें.

गैस बंद करने के बाद मिश्रण को बिना देर किए घी लगी थाली में थोड़ा-थोड़ा डालते जाएं. हर बूंद थाली पर गिरकर धीरे-धीरे गोल आकार लेने लगेगी. मिश्रण को ज्यादा देर तक ठंडा न होने दें, क्योंकि ठंडा होने पर इसे आकार देना मुश्किल हो सकता है.

सारे बताशे डालने के बाद उन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडे होने पर इन्हें सावधानी से थाली से निकाल लें. इस तरह पूजा या प्रसाद के लिए घर पर ताजे, हल्के और फूले हुए बताशे तैयार किए जा सकते हैं.