गणेश उत्सव के अंतिम दिन देशभर में बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. प्रतिमाओं का विसर्जन नदियों, तालाबों, झीलों और कृत्रिम विसर्जन कुंडों में होगा. भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रमुख शहरों में अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं.

हैदराबाद में ड्रोन और CCTV से निगरानी

तेलंगाना के हैदराबाद में विसर्जन के दौरान 25 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पुलिस ने निगरानी के लिए 24 ड्रोन और 10 हजार CCTV कैमरे लगाए हैं. हुसैन सागर झील के आसपास ऊंची इमारतों पर करीब 100 अतिरिक्त कैमरे भी लगाए गए हैं.

विसर्जन जुलूसों के मद्देनजर कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदियां लागू रहेंगी. झील के किनारे क्रेन, आपातकालीन नौकाएं, विशेषज्ञ गोताखोर और मेडिकल पोस्ट तैनात किए गए हैं.

मुंबई में 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

मुंबई में विसर्जन व्यवस्था के लिए 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. शहर में प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 383 कृत्रिम कुंड बनाए गए हैं.

BMC के अनुसार, इस वर्ष 12 दिन तक चलने वाले उत्सव के दौरान डेढ़ दिन, पांच दिन, छह दिन और सात दिन की अवधि वाली 1,63,386 गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन पहले ही किया जा चुका है.

लातूर में तेज आवाज वाले DJ पर केस

महाराष्ट्र के लातूर जिले में तेज आवाज में DJ बजाने के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज किया गया है. इनमें वक्रतुंड गणेश मंडल के अध्यक्ष संदीप बालाजी शेलके और सिद्धेश्वर गोविंद दूधभाते शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, दोनों को तेज आवाज वाले DJ सिस्टम पर रोक के बारे में समझाया गया था, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया.