झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की पहली पाली रविवार को गढ़वा जिले के 26 केंद्रों पर आयोजित की गई. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, करीब 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए. प्रशासन ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की थी.
गढ़वा के गर्ल्स हाई स्कूल और गोविंद उच्च विद्यालय समेत सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था. अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर मेडिकल व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई. परीक्षा में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए केंद्रों पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों और परीक्षा अधीक्षकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं.
CCTV और कंट्रोल रूम से निगरानी
जिले के सभी 26 केंद्रों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया था. यहां से CCTV कैमरों के जरिए परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
गढ़वा के उपायुक्त पीएन मिश्रा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर भी कई केंद्रों पर पहुंचे. प्रशासन के अनुसार, परीक्षा निर्धारित समय पर और शांतिपूर्ण तरीके से संचालित हुई. यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि परीक्षा केंद्रों के आसपास आवागमन सुचारू रहे.
