गरियाबंद नगर पालिका क्षेत्र में गंदगी, कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया. कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बीस सूत्रीय मांगों को लेकर नगरपालिका कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के साथ नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई.

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरीय प्रशासन मंत्री का पुतला दहन किया. इसके बाद नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव और कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया.

जिला कांग्रेस कार्यालय से नगरपालिका तक रैली

घेराव से पहले जिला कांग्रेस कार्यालय में सभा हुई. जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने आरोप लगाया कि गरियाबंद शहर गंदगी और अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है. उन्होंने नगरपालिका के कामकाज में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि इन समस्याओं के कारण आम नागरिकों को परेशानी हो रही है.

बेसरा के अनुसार, कांग्रेस पहले भी प्रशासन का ध्यान इन मुद्दों की ओर दिला चुकी है, लेकिन समाधान नहीं होने पर आंदोलन करना पड़ा. उन्होंने सफाई व्यवस्था सुधारने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने और विकास कार्यों में पारदर्शिता की मांग की.

सभा के बाद कार्यकर्ता तिरंगा चौक और बस स्टैंड होते हुए पैदल नगरपालिका कार्यालय पहुंचे. सुरक्षा के लिए पुलिस ने बैरिकेड्स लगाए थे. प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति बनी.

ज्ञापन में तालाब और निर्माण कार्यों की जांच की मांग

कांग्रेस ने नया तालाब के गहरीकरण कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की. इसके अलावा नालंदा से जुड़े कार्य शुरू कराने तथा देवरानीन तालाब और नया तालाब के स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ करने की मांग रखी गई.

ज्ञापन में अवैध प्लाटिंग पर रोक, नालियों की नियमित सफाई और नगरपालिका क्षेत्र में कराए गए निर्माण कार्यों की जांच की मांग भी शामिल है. कांग्रेस ने कहा कि बीस सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा.