गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के कौंदकेरा संकुल क्षेत्र के आठ से अधिक सरकारी स्कूलों में 10 से ज्यादा शिक्षकों के एक साथ अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है. संबंधित शिक्षक 16 तारीख से स्कूलों में नहीं पहुंचने बताए जा रहे हैं. विभागीय अनुमति के बिना टूर पर जाने के आरोपों के बीच कई स्कूलों में नियमित पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही गई है.
मामले का खुलासा टूर पर गए बताए जा रहे शिक्षकों की सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के बाद हुआ. तस्वीरों को विशाखापट्टनम का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. कौंदकेरा संकुल प्रभारी एमआर रात्रे ने बताया कि संबंधित शिक्षकों ने टूर पर जाने के लिए उनसे अनुमति नहीं ली थी. उनके अनुसार, नियमानुसार खंड शिक्षा अधिकारी से अनुमति लेना भी जरूरी था.
इन स्कूलों में वैकल्पिक व्यवस्था
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्राथमिक शाला सेमराडीह में रेखा साहू और मगन मतावले अनुपस्थित बताए गए हैं. प्राथमिक शाला टेडाहीपारा कौंदकेरा में संकुल समन्वयक नरेश साहू और प्रधान पाठिका अंतश्वरी निराला की अनुपस्थिति में शाला समिति की अतिथि शिक्षिका नीतू साहू कक्षाएं संभाल रही थीं.
प्राथमिक शाला कौंदकेरा सतनामीपारा में प्रधान पाठिका भगवंती मंडल और शिक्षक बिमलेश निषाद के अनुपस्थित रहने पर ओमप्रकाश कोसले और अतिथि शिक्षिका रुखमणी मंडल को पढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है. रविनगर मिडिल स्कूल, बालक मिडिल स्कूल तथा प्राथमिक और कन्या मिडिल स्कूल से भी शिक्षकों के अनुपस्थित रहने की जानकारी सामने आई है.
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने कहा कि एक ही क्षेत्र के इतने शिक्षकों का एक साथ छुट्टी पर जाना चिंताजनक है. उन्होंने मामले की जांच के बाद संबंधित शिक्षकों को नोटिस जारी करने की बात कही है. जांच में यह स्पष्ट होगा कि शिक्षकों ने छुट्टी के लिए किसी स्तर पर अनुमति ली थी या नहीं.
