गुवाहाटी हाईकोर्ट ने कहा है कि केवल PAN कार्ड और वोटर ID के आधार पर भारतीय नागरिकता या पारिवारिक संबंध साबित नहीं किए जा सकते. अदालत ने असम के दारांग जिले की कुलचन बेगम को विदेशी घोषित करने वाले Foreigners Tribunal के आदेश को बरकरार रखते हुए उनकी याचिका खारिज कर दी.

न्यायमूर्ति कल्याण राय सुराना और न्यायमूर्ति सुस्मिता फुकन खौंड की खंडपीठ ने 5 नवंबर को यह फैसला सुनाया. बेगम ने दावा किया था कि उनका जन्म 25 अप्रैल 1977 को हुआ और जिन लोगों को उन्होंने माता-पिता व दादा-दादी बताया, उनसे अपने संबंध साबित करने के लिए उन्होंने पुराने मतदाता रिकॉर्ड, राशन कार्ड, अपना वोटर ID और अन्य दस्तावेज पेश किए थे.

अदालत ने कहा कि दस्तावेज जारी होने के लिए दिए गए आवेदन और उनकी जांच का रिकॉर्ड भी प्रमाणित होना चाहिए. पीठ ने यह भी पाया कि पेश किए गए कागजात 1970 से 1997 के बीच परिवार के लगातार असम में रहने और कथित पिता-बेटी संबंध को पर्याप्त रूप से साबित नहीं करते.

NRC आवेदन की रसीद को भी अदालत ने नागरिकता का प्रमाण नहीं माना, क्योंकि उस समय अंतिम अद्यतन रजिस्टर प्रकाशित नहीं हुआ था. अदालत ने अंतरिम जमानत रद्द करते हुए Tribunal के आदेश में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया.