भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि संजू सैमसन को बाहर कर वैभव सूर्यवंशी को मौका देना उनके T20 कोचिंग कार्यकाल का सबसे कठिन फैसला था. गंभीर के मुताबिक, यह निर्णय उन्हें रातभर सोने नहीं देता था.

इंग्लैंड के खिलाफ T20I सीरीज के दौरान भारत को शुरुआती मैच में हार मिली थी. इससे पहले संजू लगातार तीन मैचों में 5, 0 और 1 रन ही बना सके थे. टीम प्रबंधन के सामने सीरीज में वापसी और जीत की चुनौती थी, जबकि वैभव शानदार फॉर्म में चल रहे थे. इसी परिस्थित‍ि में वैभव को मैनचेस्टर में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का मौका दिया गया.

गंभीर ने बताया कि उन्होंने संजू से खुद कहा था कि उन्हें बाहर करने का फैसला आसान नहीं था. उनके अनुसार, संजू उसी साल हुए T20 विश्व कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे थे. ऐसे खिलाड़ी को तीन-चार मैचों के बाद बाहर करना स्वाभाविक रूप से कठिन था. दूसरी ओर, वैभव के प्रदर्शन को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता था.

संजू की वापसी और लगातार दो अर्धशतक

बाद में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज में संजू की टीम में वापसी हुई और वैभव को बाहर किया गया. संजू ने इस मौके का फायदा उठाते हुए लगातार दो अर्धशतक लगाए. भारत ने यह सीरीज 3-0 से जीती.

गंभीर ने कहा कि लंबे समय से अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के साथ निरंतरता बनाए रखना जरूरी है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्लेइंग इलेवन सोशल मीडिया या बाहरी चर्चा के आधार पर तय नहीं होती. कोच और कप्तान टीम को जिताने की क्षमता तथा सबसे बेहतर संयोजन को ध्यान में रखकर फैसला लेते हैं.

उनके मुताबिक, किसी युवा खिलाड़ी के अच्छे प्रदर्शन के कारण स्थापित संयोजन को तीन-चार खराब मैचों के बाद तुरंत नहीं बदला जा सकता. लोकप्रिय फैसला लेना आसान हो सकता है, लेकिन सही फैसला लेना अधिक कठिन होता है.