भारत के कॉर्पोरेट वर्कफोर्स में शामिल हो रही Gen Z नौकरी को केवल वेतन और पद के नजरिए से नहीं देखती. उसके लिए नई स्किल सीखना, करियर में आगे बढ़ने के अवसर, वर्क-लाइफ बैलेंस और मानसिक स्वास्थ्य भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं. यही वजह है कि इस पीढ़ी के कई प्रोफेशनल्स एक ही संस्था में लंबे समय तक काम करने के बजाय बेहतर अवसर मिलने पर नौकरी बदलने को तैयार रहते हैं.

‘Voices @ Work: The Gen Z Work Code’ रिपोर्ट 80 से अधिक इंडस्ट्रीज में काम करने वाले 23 हजार से ज्यादा Gen Z प्रोफेशनल्स के जवाबों पर आधारित है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत में तीन में से एक से ज्यादा युवा किसी नौकरी में दो से तीन साल से अधिक समय तक काम नहीं करना चाहते.

ग्रोथ का मतलब सिर्फ प्रमोशन नहीं

सर्वे में 57% प्रतिभागियों ने नई स्किल सीखने को करियर ग्रोथ का सबसे महत्वपूर्ण संकेत बताया. इसके मुकाबले 21% ने वेतन बढ़ने और 12% ने प्रमोशन को ग्रोथ से जोड़ा. डिजाइन और विज्ञापन जैसी इंडस्ट्रीज में सीखने के अवसरों की अहमियत और अधिक दिखी, जहां 78% प्रतिभागियों ने नई चीजें सीखने को करियर ग्रोथ का प्रमुख आधार माना.

रिपोर्ट के मुताबिक, 81% Gen Z प्रोफेशनल्स केवल प्रशंसा पाने के बजाय ट्रेनिंग, सर्टिफिकेट और नए प्रोजेक्ट्स के अवसरों को अधिक उपयोगी मानते हैं. सिर्फ 9% प्रतिभागियों के लिए केवल तारीफ महत्वपूर्ण थी. 15 से 25 लाख रुपये सालाना कमाने वाले कर्मचारियों में आर्थिक इनाम को लेकर रुचि कुछ अधिक दिखी, लेकिन सभी आय वर्गों में सीखने और आगे बढ़ने के अवसर प्राथमिकता में रहे.

तनाव की बड़ी वजहें

वर्क-लाइफ बैलेंस की कमी को 34% प्रतिभागियों ने कार्यस्थल के तनाव का सबसे बड़ा कारण बताया. वहीं 31% ने ग्रोथ के सीमित अवसरों और 19% ने विषाक्त ऑफिस सहकर्मियों को तनाव की वजह माना. रिपोर्ट के निष्कर्ष संकेत देते हैं कि Gen Z के लिए नौकरी में टिके रहने के लिए पारदर्शी करियर पथ, लगातार सीखने के मौके और स्वस्थ कार्य वातावरण जरूरी हैं.