विरोध प्रदर्शनों में नारे हमेशा से भीड़ को एकजुट करने और आक्रोश को संक्षेप में व्यक्त करने का माध्यम रहे हैं. हालांकि, युवा पीढ़ी ने इनके अंदाज़ में बड़ा बदलाव किया है. अब लंबे और भारी-भरकम नारों के साथ-साथ मीम्स, फिल्मी संवाद, गानों की पंक्तियां और इंटरनेट की भाषा भी प्रदर्शनकारी संदेशों का हिस्सा बन रही हैं.

मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन में इस बदलाव की झलक दिखाई दी. प्रदर्शनकारियों के रंग-बिरंगे पोस्टरों पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर तंज कसने वाली कई पंक्तियां लिखी थीं. इनमें ‘वोट चुराया मेरा, किसने ओ सनम… ज्ञानू ने’ और ‘वोट चुराया, चोरी-चोरी, चुपके-चुपके’ जैसे गाने के अंदाज़ वाले नारे शामिल थे.

कुछ पोस्टरों में ‘एक जीरा, दो अजवाइन, ज्ञानेश कुमार, दे दो रिजाइन’ और ‘ज्ञानेश ब्रो, इस्तीफा दो’ जैसे वाक्य लिखे थे. मराठी में एक पोस्टर पर लोकतंत्र को लेकर सवाल उठाया गया था. वहीं, ‘तुमसे न हो पाएगा’ और ‘ज्ञानू तो गयो’ जैसे फिल्मी संवादनुमा तंज भी प्रदर्शन में नजर आए.

इंटरनेट भाषा और स्थानीय संदर्भ का इस्तेमाल

प्रदर्शनकारियों ने डिजिटल दुनिया में इस्तेमाल होने वाली भाषा को भी नारों में शामिल किया. ‘13 करोड़ वोटर डिलीट… एरर 404, डेमोक्रेसी नॉट फाउंड’, ‘#ज्ञानू मस्ट गो’ और ‘ज्ञानू जी, इट्स टाइम टू लॉग आउट’ जैसे संदेश पोस्टरों पर लिखे गए. एक बैनर में CEC का व्यंग्यात्मक अर्थ ‘चीफ इरेज़र कमिश्नर’ बताया गया.

कुछ पोस्टरों में प्रदर्शन के माहौल और स्थानीय खान-पान को भी हास्य के साथ जोड़ा गया. ‘गर्मी बहुत है, वाटर कैनन चालू करो’ तथा ‘एक कचौरी, दो चाय, ज्ञानेश कुमार बाय-बाय’ जैसे संदेश इसका उदाहरण रहे.

दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमन में हुए प्रदर्शन में भी छात्राओं के पोस्टरों ने ध्यान खींचा. वहां महिलाओं की सुरक्षा, पितृसत्ता और लैंगिक भेदभाव पर चुटीले और तीखे नारे लिखे गए थे.

यह शैली पुराने आंदोलनों के गंभीर और जोशीले नारों से अलग है. गांधी, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस और लाल बहादुर शास्त्री के नारों ने व्यापक राजनीतिक और सामाजिक mobilization में भूमिका निभाई थी. आज का युवा गंभीर मुद्दों को मीम और व्यंग्य के जरिए सामने ला रहा है. भाषा हल्की और पंची हो सकती है, लेकिन उसके पीछे का राजनीतिक या सामाजिक संदेश अब भी प्रभावशाली बना हुआ है.