खाने के बाद कुछ मीठा, खट्टा और चटपटा खाने का मन हो तो घर पर खजूर का मुखवास तैयार किया जा सकता है. इसमें खजूर की प्राकृतिक मिठास का इस्तेमाल होता है, इसलिए इसमें अलग से चीनी डालने की जरूरत नहीं पड़ती. इसे बनाने के लिए कुछ सामान्य मसालों और नींबू के रस की जरूरत होगी.
सामग्री
इस रेसिपी के लिए 250 ग्राम खजूर, 1 चम्मच जीरा, 1 चम्मच अजवाइन, 1 चम्मच सौंफ, 1 चम्मच धनिया के बीज, आधा चम्मच काला नमक, चौथाई चम्मच सोंठ पाउडर, 2 चम्मच अमचूर पाउडर, 1 चम्मच चाट मसाला और 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर लें. सफेद नमक, पिंक सॉल्ट और नींबू का रस स्वादानुसार मिलाया जा सकता है.
बनाने का तरीका
सबसे पहले एक पैन गर्म करके उसमें जीरा, सौंफ और अजवाइन को धीमी आंच पर सूखा भूनें. मसालों को तब तक भूनें, जब तक उनमें खुशबू न आने लगे और वे हल्के कुरकुरे न हो जाएं. ध्यान रखें कि मसाले जलें नहीं. इन्हें प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा करें और फिर मिक्सर में बारीक पीस लें.
खजूर में बीज हों तो उन्हें निकाल दें और खजूर को लंबे, पतले टुकड़ों में काट लें. इन्हें एक बड़े बाउल में डालकर थोड़ा नींबू का रस मिलाएं. इसके बाद भुना हुआ मसाला पाउडर, काला नमक, सोंठ, अमचूर और चाट मसाला डालें. आखिर में लाल मिर्च पाउडर और जरूरत के अनुसार नमक मिलाकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं, ताकि मसाला खजूर के हर टुकड़े पर लग जाए.
तैयार मुखवास को खाने के बाद थोड़ी मात्रा में परोसा जा सकता है. बचे हुए मुखवास को साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बे में रखें.
