गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में हर्षा सिटी मॉल के बाहर सड़क पर Audi कार खड़ी करने को लेकर विवाद मारपीट में बदल गया. पुलिस के अनुसार, कार हटाने के लिए कहने वाले युवक कार्तिक खरबंदा के साथ मारपीट की गई. इस दौरान सड़क पर पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार किए जाने का आरोप है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कार हटाने को कहने पर विवाद

पुलिस को दी गई शिकायत में कार्तिक खरबंदा ने बताया कि वह अपने मित्र के साथ कार से जा रहा था. मॉल के पास सड़क पर Audi खड़ी देखकर उसने उसे हटाने के लिए कहा. आरोप है कि इसके बाद कार में बैठे लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और विवाद बढ़ने पर चार-पांच लोग कार से उतरकर मारपीट करने लगे.

पीड़ित के अनुसार, इसी दौरान उसके सिर पर पत्थर से वार किया गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई. कार्तिक ने यह भी आरोप लगाया कि Audi सवार युवक कार के अंदर शराब पी रहे थे और नशे में थे. पुलिस ने इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई

घटना के समय वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया. वीडियो में कुछ लोग एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने कहा है कि वीडियो में दिख रही घटना के अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित अन्य दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

पीड़ित की तहरीर पर इंदिरापुरम पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. पुलिस के मुताबिक, नामजद आरोपी राहुल मोहन, निवासी शक्ति खंड-4, इंदिरापुरम, को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल Audi कार भी सीज की है.

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने कार हटाने को लेकर विवाद और गुस्से में मारपीट की बात स्वीकार की है. मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच जारी है.