गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-9 में एक चोर तीन मंजिला मकान में घुसकर करीब डेढ़ से दो घंटे तक चोरी करता रहा. इस दौरान घर में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे मौजूद थे, लेकिन किसी की नींद नहीं खुली. सुबह करीब 5:30 बजे परिवार जागा तो घर का सामान बिखरा मिला और नकदी व सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का पता चला.
यह वारदात एफ ब्लॉक स्थित मकान संख्या 243 में रहने वाले दुष्यंत कुमार शर्मा के घर हुई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चोर तीसरी मंजिल तक पहुंचा और जाली वाले गेट की जाली तोड़कर अंदर हाथ डालकर कुंडी खोल दी. इसके बाद उसने मकान की तीनों मंजिलों पर रखी अलमारियों, सेफ और लॉकरों को खंगाला. जहां नकदी और आभूषण मिले, उन्हें बैग में भरकर फरार हो गया.
परिवार ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. विजयनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की. परिवार ने आशंका जताई कि चोर ने नींद के लिए इस्तेमाल होने वाला कोई स्प्रे किया होगा, क्योंकि चोरी के दौरान किसी सदस्य को भनक नहीं लगी. पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है, लेकिन स्प्रे के इस्तेमाल की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
घर में लगे CCTV कैमरे में संदिग्ध के फरार होने की तस्वीर कैद हुई है. फुटेज में वह चोरी का सामान बैग में रखकर कंधे पर लटकाए दिखाई दे रहा है. इसके बाद वह मकान की बाउंड्री पर चढ़कर दूसरी ओर कूदता नजर आता है. पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी पहचान और आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
दो दिन के अंतराल में दूसरी चोरी
स्थानीय जानकारी के अनुसार, सेक्टर-9 में इससे दो दिन पहले 19 सितंबर की रात भी चोरी हुई थी. प्रदीप सिंह के घर से करीब पांच लाख रुपये के जेवरात और 75 हजार रुपये नकदी चोरी होने की बात सामने आई है. उस घटना में भी CCTV फुटेज मिला था. पुलिस दोनों मामलों के फुटेज खंगाल रही है और यह जांच कर रही है कि संदिग्धों के बीच कोई संबंध है या नहीं.
