झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार रात जैन श्रद्धालुओं से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री घायल हुए हैं.
उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, श्रद्धालु पारसनाथ यानी सम्मेद शिखरजी के दर्शन के बाद टाटानगर रेलवे स्टेशन जा रहे थे. मधुबन के पास बस अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई. टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया. बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय बस में सवार यात्री गुजरात से आए तीर्थयात्रियों के समूह का हिस्सा थे. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
