गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6E 2102 को उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस उतारा गया. विमान के इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना मिलने के बाद इसे वापस मोड़ने का फैसला किया गया.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने सुबह करीब 9:16 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 14 मिनट बाद 9:30 बजे गोवा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. एविएशन ट्रैकर Flightradar24 के डेटा के मुताबिक, वापस गोवा की ओर मुड़ते समय विमान करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था.
यात्रियों और खराबी का विवरण अभी स्पष्ट नहीं
इस घटना में विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. इंजन में किस तरह की तकनीकी समस्या आई, यह भी स्पष्ट नहीं है. उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, यात्रियों को तकनीकी खराबी के बारे में जानकारी नहीं दी गई थी.
इंडिगो की ओर से घटना पर विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है. इसलिए फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान की जांच के बाद उड़ान संचालन पर क्या असर पड़ा और यात्रियों के लिए आगे की क्या व्यवस्था की गई.
