बॉम्बे हाईकोर्ट ने गोवा के Arpora स्थित Birch by Romeo Lane नाइटक्लब के मालिकों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को अग्निकांड में मारे गए 25 लोगों के परिवारों के लिए 20-20 लाख रुपये अंतरिम मुआवजे के तौर पर जमा कराने का निर्देश दिया है. अदालत ने स्पष्ट किया कि यह राशि मुख्य मामले में पक्षों के अंतिम तर्कों और दावों को प्रभावित नहीं करेगी.
न्यायमूर्ति वाल्मीकि मेनेजेस और न्यायमूर्ति अमित जामसांडेकर की खंडपीठ ने राहत से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान यह निर्देश दिया. पीड़ित परिवारों की ओर से पेश अधिवक्ता प्राची सावंत ने अदालत को बताया कि परिवारों ने प्रत्येक मृतक के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है, जबकि क्लब मालिकों की ओर से पहले 25 लाख रुपये देने की पेशकश की गई थी.
यह आग 6 दिसंबर 2025 को डांस पार्टी के दौरान लगी थी. हादसे में 25 लोगों की मौत और 50 लोग घायल हुए थे. अदालत ने मामले में नियुक्त न्याय मित्र से घटना से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत सूची तैयार करने को भी कहा है.
