बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने और पता बदलने के लिए दाखिल फॉर्म 8 को खारिज करने की प्रक्रिया पर चुनाव आयोग से सवाल किए हैं. अदालत ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया का उद्देश्य नागरिकों को मतदान का अवसर सुनिश्चित करना है और इसे केवल सॉफ्टवेयर की प्रक्रिया के आधार पर दरकिनार नहीं किया जा सकता.

जस्टिस वाल्मीकि मेनेजेस और जस्टिस अमित एस. जामसांडेकर की पीठ सांता क्रूज विधानसभा क्षेत्र के एक परिवार के छह सदस्यों से जुड़े मामले की सुनवाई कर रही थी. परिवार के सदस्य उसी विधानसभा क्षेत्र में दूसरे घर में चले गए थे. उन्होंने पता बदलने के लिए फॉर्म 8 दाखिल किया, लेकिन SIR के दौरान उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए.

पुराने पते के सर्वे फॉर्म पर अदालत का सवाल

SIR के तहत बूथ लेवल अधिकारी पुराने मतदाता डेटा के आधार पर तैयार सर्वे फॉर्म के जरिए घर-घर सत्यापन करते हैं. सुनवाई के दौरान अदालत ने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति पुराने पते से जा चुका है, उससे उसी पते का सर्वे फॉर्म भरने की अपेक्षा कैसे की जा सकती है. पीठ ने कहा कि ऐसे मामलों में सैकड़ों या हजारों लोग पुराने पते पर मौजूद नहीं हो सकते हैं.

अदालत को बताया गया कि चुनाव आयोग का स्वचालित सॉफ्टवेयर पुराने पते का सर्वे फॉर्म जमा नहीं होने पर फॉर्म 8 को स्वतः खारिज कर देता है. कुछ आदेशों में ‘सिस्टम ग्लिच’ का भी उल्लेख था. पीठ ने पूछा कि क्या पोर्टल अधिकारियों को आवेदन स्वीकार करने या लंबित रखने का विकल्प नहीं देता और क्या वे केवल आवेदन खारिज करने के लिए बाध्य हैं.

आयोग ने फॉर्म 6 का विकल्प बताया

चुनाव आयोग की ओर से पेश वकील गौरीश अग्नि ने कहा कि SIR के दौरान किसी व्यक्ति का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं होने पर फॉर्म 6 के जरिए नाम जुड़वाने का विकल्प उपलब्ध है. आयोग के अनुसार, फॉर्म 8 पहले से मौजूद मतदाता प्रविष्टि में पता बदलने के लिए है.

आयोग ने यह भी दलील दी कि सर्वे फॉर्म उपलब्ध नहीं होने पर फॉर्म 8 स्वीकार नहीं किया जा सकता. इसके जवाब में अदालत ने पूछा कि ऐसे आवेदनों को तुरंत खारिज करने के बजाय अंतिम मतदाता सूची तैयार होने तक लंबित क्यों नहीं रखा जा सकता. पीठ ने कहा कि प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे पात्र मतदाता सूची से बाहर न रह जाएं.

आयोग ने मतदाताओं की जिम्मेदारी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि घर बदलने के बाद नए पते की जानकारी समय पर देनी चाहिए. अदालत ने मतदाता सूची को नियमित रूप से अपडेट करने तथा जन्म और मृत्यु रिकॉर्ड के आधार पर संशोधन की जरूरत बताई. मामले में अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी.