बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा बेंच ने निर्वाचन आयोग को मतदाता सूची से हटाए गए याचिकाकर्ताओं के नाम फिर शामिल करने का निर्देश दिया है. अदालत ने कहा कि निवास की पुष्टि के बाद नाम 10 दिन के भीतर जोड़े जाएं. यह आदेश उन याचिकाओं पर आया, जिनमें नाम हटाए जाने और Form 8 के आवेदन खारिज किए जाने को चुनौती दी गई थी.
चार दिन की सुनवाई के बाद जस्टिस वाल्मीकि मेनेजेस और जस्टिस अमित जामसांडेकर की डिवीजन बेंच ने निर्वाचन आयोग की आदेश पर रोक लगाने की मांग ठुकरा दी. अदालत ने कहा कि नाम सूची में शामिल करने पर रोक नहीं लगाई जा सकती और आयोग चाहे तो सुप्रीम कोर्ट से राहत मांग सकता है.
सुनवाई के दौरान बेंच ने Form 8 के आवेदनों को स्वचालित तरीके से खारिज करने पर सवाल उठाया. अदालत के अनुसार, स्थान बदल चुके मतदाताओं को पुराने पते से नाम हटाने और नए पते पर पंजीकरण के बीच ऐसी स्थिति में नहीं धकेला जाना चाहिए, जिसमें उन्हें गलत घोषणा करनी पड़े.
अदालत ने यह भी कहा कि किसी मतदाता का नाम मूल सूची से हटाने से पहले उसे सुनवाई का अवसर देना जरूरी है. निर्वाचन आयोग ने दलील दी थी कि ड्राफ्ट सूची में नाम शामिल न होना नाम हटाना नहीं, बल्कि नए सिरे से सूची तैयार करने की प्रक्रिया का परिणाम है.
