बॉम्बे हाईकोर्ट की गोवा पीठ ने स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए एक परिवार के पांच सदस्यों के नाम फिर से जोड़ने का आदेश दिया है. अदालत ने निर्देश दिया कि पते की पुष्टि के बाद निर्वाचन आयोग इस प्रक्रिया को 10 दिन के भीतर पूरा करे. हालांकि, पीठ ने निर्वाचन आयोग के संबंधित आदेश पर रोक लगाने की मांग स्वीकार नहीं की.

यह मामला सालगांवकर परिवार से जुड़ा है. परिवार के सदस्यों ने पता बदलने के लिए फॉर्म 8 जमा किया था, लेकिन SIR के दौरान उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटा दिए गए. इसके बाद परिवार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर नाम हटाने और फॉर्म 8 के आवेदन खारिज किए जाने को चुनौती दी.

फॉर्म 6 और फॉर्म 8 पर अदालत की आपत्ति

निर्वाचन आयोग की ओर से कहा गया कि SIR के नियमों के तहत फॉर्म 8 के साथ एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करना जरूरी था. परिवार ने यह फॉर्म जमा नहीं किया, इसलिए उन्हें नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म 6 भरने को कहा गया.

हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि जब कोई व्यक्ति केवल अपना पता बदल रहा है, तो उसे नए मतदाता के तौर पर आवेदन करने के लिए क्यों कहा जाए. अदालत ने कहा कि पुराने पते पर रहने की घोषणा वाला फॉर्म भरवाना उचित नहीं है, क्योंकि संबंधित व्यक्ति वहां से पहले ही जा चुका है. पीठ के अनुसार, ऐसे मामलों में फॉर्म 8 को खारिज करने के बजाय लंबित रखा जा सकता है, ताकि मतदाता अपने अधिकार से वंचित न हो.

निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़े मामलों की सुप्रीम कोर्ट में लंबित कार्यवाही का हवाला देकर सुनवाई टालने की मांग की थी. हाईकोर्ट ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि गोवा का मामला अलग है, क्योंकि यहां मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अदालत ने योग्य नागरिकों को मतदाता सूची से बाहर होने से रोकना आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी बताया.