Google ने लैपटॉप बाजार में Googlebook पेश किया है. कंपनी का यह नया डिवाइस MacBook और Windows लैपटॉप के मुकाबले Android यूजर्स को केंद्र में रखता है. Googlebook, Googlebook OS पर चलेगा, जिसे पहले Aluminium OS कोडनेम से जोड़ा गया था. कंपनी के अनुसार, इस ऑपरेटिंग सिस्टम में Android का टेक्नोलॉजी स्टैक और ChromeOS की डेस्कटॉप तकनीक को मिलाया गया है.

Android फोन से कनेक्टिविटी

Googlebook में Gemini AI को अनुभव का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है. सेटअप के दौरान Android फोन के कॉन्टैक्ट्स, मैसेज, पासवर्ड और Wi-Fi नेटवर्क जैसी जानकारी लैपटॉप पर उपलब्ध हो सकती है. Continue On फीचर से फोन पर शुरू किए गए काम को Googlebook पर जारी रखने का विकल्प मिलेगा. फोन में मौजूद फोटो और फाइल्स तक लैपटॉप से पहुंच बनाई जा सकेगी. Cast My Apps फीचर के जरिए Android फोन के ऐप्स को लैपटॉप की स्क्रीन पर चलाया जा सकता है.

शुरुआती Googlebook मॉडल Acer, Asus, Dell, HP और Lenovo ने पेश किए हैं. इनमें प्लास्टिक के बजाय एल्युमिनियम, मैग्नीशियम एलॉय और कार्बन फाइबर जैसे मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है. डिवाइस में टच सपोर्ट वाले 2.8K और 3K तक के OLED डिस्प्ले विकल्प मिल सकते हैं; कुछ मॉडल IPS पैनल के साथ आएंगे. सभी मॉडल में बैकलिट कीबोर्ड, हैप्टिक ट्रैकपैड और फिंगरप्रिंट सेंसर दिए जाने की जानकारी है.

Googlebook में Glowbar नाम का डिजाइन फीचर भी है, जिसे लैपटॉप के ढक्कन पर लगाया जा सकता है. न्यूनतम 16GB RAM और 256GB SSD स्टोरेज दिया गया है. कंपनी के मुताबिक, बैटरी वीडियो प्लेबैक में 14 घंटे तक चल सकती है. Magic Pointer, Rambler और Create My Widget इसके प्रमुख AI फीचर्स हैं.

प्री-बुकिंग कुछ चुनिंदा देशों में शुरू हो चुकी है. अमेरिका में बिक्री 4 अक्टूबर से, जबकि कनाडा, ब्रिटेन, आयरलैंड, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया में 5 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है. भारत में बिक्री की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है.