बिहार के गोपालगंज में निर्माणाधीन मकान की छत पर करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई. हादसा नगर थाना क्षेत्र के बंजारी ब्रह्मस्थान स्थित वार्ड नंबर-12 में शनिवार को हुआ. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय संतोष साह और उनकी 50 वर्षीय पत्नी बसंती देवी के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, बारिश के बाद निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल की छत पर पानी जमा था. संतोष साह पानी निकालने के लिए छत पर गए थे. इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए. पति को परेशानी में देखकर बसंती देवी उन्हें बचाने पहुंचीं, लेकिन वह भी बिजली के संपर्क में आ गईं.
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को वहां से निकालने की कोशिश की और ऑटो से मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक फैल गया.
संतोष साह आटा चक्की चलाते थे, जबकि बसंती देवी आशा कार्यकर्ता थीं. उनका बेटा श्रीलंका में रहता है. माता-पिता की मौत की जानकारी मिलने के बाद वह घर के लिए रवाना हो गया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची. डायल-112 के एसआई सुनील कुमार ठाकुर के अनुसार, स्थानीय लोगों ने फोन कर हादसे की जानकारी दी थी. टीम के पहुंचने से पहले ही लोग दंपति को अस्पताल ले जा चुके थे.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि निर्माणाधीन मकान की छत पर करंट किन परिस्थितियों में पहुंचा और हादसा कैसे हुआ.
