गोपालगंज होकर दिल्ली और हरियाणा जाने वाले यात्रियों के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की डीलक्स बस सेवा शुरू हो गई है. निगम के अनुसार, विभिन्न जिलों से चलने वाली बसें एनएच-27 के रास्ते गोपालगंज होकर दिल्ली पहुंचेंगी. इससे गोपालगंज और आसपास के जिलों के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.

दिल्ली के लिए बसों का नियमित परिचालन मुजफ्फरपुर, पटना, गया, अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया बस स्टैंड से किया जाएगा. इन बसों से दिल्ली के अलावा हरियाणा जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

यात्रियों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था शुरू की गई है. टिकट निगम की वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं. बसों के परिचालन से जुड़ी जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-345-7251 जारी किया गया है.

अलग-अलग श्रेणियों का किराया

निगम ने बसों की श्रेणी के अनुसार किराया तय किया है. नॉन-एसी सीटर का किराया 1,615 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर का 1,715 रुपये, एसी सीटर का 1,980 रुपये और एसी स्लीपर का 2,919 रुपये निर्धारित है. अलग-अलग बस स्टैंड से दिल्ली तक की यात्रा के अनुसार किराये में अंतर हो सकता है.