केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में अस्पतालों द्वारा मरीजों से दवाओं और मेडिकल कंज्यूमेबल्स के लिए ऊंची कीमत वसूलने को ‘मालप्रैक्टिस’ बताया है. रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने कहा कि सरकार इस समस्या से अवगत है और सभी हितधारकों से बातचीत के बाद उचित हस्तक्षेप तैयार कर रही है.
यह हलफनामा सभी दवाओं, मेडिकल कंज्यूमेबल्स, रसायनों और उर्वरकों की कीमतों पर सीमा तय करने की मांग से जुड़ी याचिका के जवाब में दाखिल किया गया है. याचिका डॉ. संजय कुलश्रेष्ठ ने दायर की है.
मरीजों की सीमित सौदेबाजी क्षमता
सरकार के अनुसार, मरीजों को दवाओं, उनके विकल्पों और कीमतों की सीमित जानकारी होती है. इलाज के दौरान अस्पताल, डॉक्टर, अस्पताल की फार्मेसी और खुदरा विक्रेताओं के मुकाबले मरीज की सौदेबाजी की स्थिति कमजोर रहती है. हलफनामे में कहा गया कि निर्माताओं के बीच प्रतिस्पर्धा होने के बावजूद सूचना और सौदेबाजी की इस असमानता से कई तरह की गड़बड़ियां पैदा होती हैं.
सरकार ने दावा किया कि अस्पताल अक्सर उन निर्माताओं से दवाएं खरीदते हैं जो अधिक ट्रेड मार्जिन देते हैं और फिर मरीजों से अधिकतम खुदरा मूल्य पर राशि वसूलते हैं. हलफनामे के मुताबिक, कुछ दवाओं में मार्जिन 170% से 700% तक, जबकि कैंसर की दवाओं में यह 700% या उससे अधिक हो सकता है.
मेडिकल कंज्यूमेबल्स के मामले में 100% से 1,000% या उससे अधिक मार्जिन का उल्लेख किया गया है. सरकारी योजनाओं और बीमा वाले पैकेजों में इनकी लागत शामिल रहती है, लेकिन सीधे भुगतान करने वाले मरीजों से अस्पताल इन्हें अलग से एमआरपी पर बिल कर सकते हैं.
सरकार ने बताया कि 935 अनुसूचित दवाओं के सीलिंग प्राइस और 3,881 नई दवाओं के खुदरा मूल्य तय किए जा चुके हैं.
