गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई. इस वर्ष जिले के 23 धान उपार्जन केंद्रों पर किसानों से धान खरीदा जाएगा. प्रशासन ने करीब 31 हजार पंजीकृत किसानों के पूरे पात्र रकबे से धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है.
किसानों को खरीदी केंद्र तक पहुंचने के लिए अधिक दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए कोरजा, हर्राटोला और कुड़कई में तीन नए केंद्र खोले गए हैं. कोरजा केंद्र का शुभारंभ कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और किसानों की मौजूदगी में किया. उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों से उनकी समस्याओं व सुविधाओं की जानकारी ली.
सीमा पर अवैध धान की निगरानी
जिले की सीमा मध्य प्रदेश से लगी होने के कारण दूसरे राज्यों से अवैध धान आने की आशंका को देखते हुए 23 अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट बनाए गए हैं. पिछले वर्ष इनकी संख्या 17 थी. निगरानी के लिए उड़नदस्ता और गुणवत्ता जांच दल भी गठित किए गए हैं. प्रशासन के अनुसार, गौरेला के बरवासन क्षेत्र में हाल में अवैध धान पकड़ा गया था.
पटवारियों की हड़ताल के बीच दस्तावेजी प्रक्रिया में किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए कोटवारों और अन्य मैदानी कर्मचारियों को सर्वे कार्य में लगाया गया है. कलेक्टर ने पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की है.
