CJP प्रवक्ता सौरव दास को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने के दौरान स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. दास अपने साथियों के साथ देवला, जैतपुर और मकोड़ा गांवों के प्राथमिक विद्यालयों का दौरा करने पहुंचे थे.
देवला गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचने पर स्कूल का मुख्य गेट अंदर से बंद मिला. इसके बाद दास और उनके साथ आए लोगों के बाहर स्थानीय ग्रामीण जमा हो गए. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दास बार-बार स्कूलों का अचानक निरीक्षण करते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और स्कूल का माहौल बाधित होता है.
मौके पर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई. स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर वहां से हटाया. पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने हल्का विरोध जताया था और मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई गंभीर समस्या नहीं हुई.
शिक्षा विभाग ने अनुमति नहीं होने की बात कही
बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार ने बताया कि कुछ लोगों के स्कूलों में पहुंचने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भेजी गई थी. उनके अनुसार, निरीक्षण के लिए पहुंचे लोगों के पास स्कूल में प्रवेश की अनुमति नहीं थी, इसलिए उन्हें बाहर रोका गया. अधिकारी ने दावा किया कि सूरजपुर थाना क्षेत्र के देवला, मकोड़ा और जैतपुर गांवों के प्राथमिक विद्यालय सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं.
दास ने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया कि उनके पहुंचने से पहले स्कूलों के गेट क्यों बंद किए गए. उन्होंने कहा कि उनकी टीम 15 अगस्त को शुरू किए गए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत निरीक्षण के लिए पहुंची थी. दास ने यह आरोप भी लगाया कि उनकी टीम का पीछा किया जा रहा था और बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनके साथ चल रही थीं. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है.
