ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में शुक्रवार देर रात सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस में अचानक आग लग गई. बस एक निजी हॉस्टल की बताई जा रही है. घटना के समय बस खाली थी, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की मुख्य सड़क के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, रात करीब साढ़े 11 बजे बस से धुआं उठता दिखाई दिया. आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.

दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था और वह लगभग पूरी तरह खाक हो गई.

दमकल विभाग की शुरुआती जांच में जलती हुई बीड़ी या सिगरेट को संभावित वजह माना गया है. आशंका जताई गई कि किसी राहगीर ने बस के पास जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकी होगी. हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आग लगने की वास्तविक वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस बस मालिक से जानकारी जुटा रही है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.