ग्रीन पटाखों में बोरियम के इस्तेमाल को लेकर सरकारी संस्थाओं के अलग-अलग रुख के बीच केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को नए सिरे से परीक्षण कराने की जानकारी दी है. केंद्र के अनुसार, इन परीक्षणों का उद्देश्य बोरियम वाले पटाखों के संभावित हानिकारक प्रभावों का आकलन करना होगा.

केंद्र ने बताया कि परीक्षण नई दिल्ली, भोपाल, कोलकाता और चेन्नई में कराए जाएंगे. यह जानकारी अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने जस्टिस एम एम सुंदरेश और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ के सामने दी.

सीएसआईआर-नीरी की रिपोर्ट में क्या कहा गया

केंद्र ने कम उत्सर्जन वाले पटाखे विकसित करने का काम वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद की राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान यानी CSIR-NEERI को सौंपा था. लक्ष्य ऐसे पटाखे तैयार करना था जिनसे पार्टिकुलेट मैटर यानी PM उत्सर्जन में 50 फीसदी से अधिक कमी आए.

तमिलनाडु फायरवर्क्स एंड अमोर्सेस मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने अन्य ऑक्सीडाइजर के साथ कम मात्रा में बोरियम सॉल्ट और नाइट्रेट वाले नए फॉर्मूले तैयार किए. CSIR-NEERI की रिपोर्ट के अनुसार, इन फॉर्मूलों से PM10 और PM2.5 उत्सर्जन में करीब 45 से 60 फीसदी तक कमी दर्ज की गई.

रिपोर्ट में फूलझड़ी, अनार, चकरी, पेंसिल, टिमटिमाते सितारे और इनके हाइब्रिड जैसे प्रकाश पैदा करने वाले पटाखों के फॉर्मूलों को व्यावसायिक उत्पादन के लिए विचार योग्य बताया गया. रिपोर्ट में ‘जुड़े हुए पटाखों’ यानी लड़ियों के उत्पादन को भी मंजूरी देने की बात कही गई. ऐसे पटाखों पर अदालत के आदेश से रोक लगी हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, इनसे PM उत्सर्जन में लगभग 30 फीसदी और ठोस कचरे में 32 फीसदी तक कमी हो सकती है.

CPCB ने बोरियम पर उठाया सवाल

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB ने इस रुख पर आपत्ति जताई है. बोर्ड ने सरकार को भेजे अपने communication में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के 23 अक्टूबर 2018 के आदेश में पटाखों में बोरियम सॉल्ट के इस्तेमाल पर स्पष्ट रोक लगाई गई थी. CPCB के अनुसार, कम मात्रा में बोरियम कंपाउंड वाला कोई भी फॉर्मूला उस आदेश के अनुरूप नहीं होगा.

बोर्ड ने यह भी कहा कि PM10 और PM2.5 में कमी के दावे की तुलना ऐसे कम-उत्सर्जन वाले पटाखों से नहीं की गई है जिनमें बोरियम का इस्तेमाल पूरी तरह नहीं होता. इसलिए उसके मुताबिक, CSIR-NEERI की रिपोर्ट के निष्कर्ष अभी अधूरे और निर्णायक नहीं हैं.

सुप्रीम कोर्ट ने विशेषज्ञों से सुझाव मांगे

याचिकाकर्ताओं ने अदालत के सामने कहा कि बोरियम के इस्तेमाल पर रोक को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहले भी कई आदेश दे चुका है और पटाखा निर्माण में इसका इस्तेमाल कम मात्रा में भी स्वीकार नहीं किया जा सकता.

पीठ ने कहा कि इस तरह के तकनीकी और वैज्ञानिक मुद्दों पर अदालत के पास विशेषज्ञता नहीं है. उसने केंद्र से विशेषज्ञों के सुझाव लेने को कहा है. अब प्रस्तावित नए परीक्षणों और विशेषज्ञों की राय के आधार पर ग्रीन पटाखों में बोरियम की अनुमति तथा संबंधित फॉर्मूलों के व्यावसायिक उत्पादन पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकती है.