गुजरात विधानसभा ने शुक्रवार को गुजरात रेंट बिल, 2026 को सर्वसम्मति से पारित कर दिया. यह विधेयक राज्य में किराये की संपत्तियों के लिए नया कानूनी ढांचा तैयार करता है और मकान मालिकों तथा किरायेदारों के अधिकारों और दायित्वों को स्पष्ट करने का प्रावधान करता है.
विधेयक के लागू होने के बाद गुजरात में किसी भी परिसर को लिखित समझौते के बिना किराये पर नहीं दिया जा सकेगा. समझौता होने के दो महीने के भीतर मकान मालिक और किरायेदार को नए रेंट अथॉरिटी अधिकारी को संयुक्त रूप से इसकी जानकारी देनी होगी. ऐसा नहीं होने पर दोनों पक्षों को अगले एक महीने के भीतर अलग-अलग सूचना देनी होगी.
रेंट अथॉरिटी में डिप्टी कलेक्टर या असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर से नीचे रैंक का अधिकारी नहीं होगा. उसे डिजिटल प्लेटफॉर्म स्थापित करना होगा, हर किराया समझौते को एक विशिष्ट पहचान संख्या देनी होगी और उसका विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध कराना होगा.
सिक्योरिटी डिपॉजिट और किराये के नियम
किराया वही माना जाएगा, जो समझौते में लिखा होगा. सिक्योरिटी डिपॉजिट तीन महीने के किराये से अधिक नहीं हो सकेगा. किरायेदार के परिसर खाली कर सौंपने के बाद वैध कटौतियां करने के पश्चात जमा राशि एक महीने के भीतर लौटानी होगी.
समझौते की अवधि खत्म होने के बाद बिना नवीनीकरण के रहने पर किरायेदार को मासिक किराये का दोगुना भुगतान करना होगा. बाढ़, भूकंप, चक्रवात या किसी अन्य प्राकृतिक आपदा से परिसर रहने लायक नहीं रहने पर उसे बहाल किए जाने तक किराया नहीं लिया जाएगा. ऐसे मामलों में किरायेदार को समझौता बढ़ाने का उचित अवसर भी मिल सकता है.
मकान मालिक लिखित अनुमति के जरिए प्रॉपर्टी मैनेजर नियुक्त कर सकेगा. वह किराया लेने, मरम्मत कराने और किरायेदार से जुड़े काम संभाल सकेगा. मकान मालिक पानी, बिजली या पाइप्ड कुकिंग गैस जैसी जरूरी सेवाएं बंद नहीं कर सकेगा. परिसर में प्रवेश के लिए सामान्य स्थिति में कम से कम 24 घंटे पहले सूचना देनी होगी और प्रवेश सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही किया जा सकेगा.
बेदखली और विवाद निपटारे की व्यवस्था
किराये की तय अवधि के दौरान किरायेदार को केवल रेंट कोर्ट के आदेश से और कानून में बताए गए आधारों पर ही हटाया जा सकेगा. इनमें नोटिस के बाद दो महीने का बकाया किराया, संपत्ति को नुकसान, बिना अनुमति सबलेट करना और मकान मालिक की पुनर्निर्माण संबंधी जरूरत शामिल हैं.
रेंट अथॉरिटी में शुरुआती आवेदन होंगे. बेदखली के मामलों की सुनवाई रेंट कोर्ट करेगा, जिसकी अध्यक्षता एडिशनल कलेक्टर या डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर से नीचे रैंक का अधिकारी नहीं करेगा. अपीलों की सुनवाई जिला जज या एडिशनल जिला जज की अध्यक्षता वाला रेंट ट्रिब्यूनल करेगा.
सरकारी इमारतें, कंपनी के कर्मचारियों के आवास, धार्मिक और धर्मार्थ परिसर, वक्फ संपत्तियां तथा पब्लिक ट्रस्ट की संपत्तियां इस कानून से बाहर रहेंगी, जब तक दोनों पक्ष इसे लागू करने पर सहमत न हों. 1947 के पुराने किराया कानून को नई किरायेदारियों के लिए समाप्त करने का प्रावधान भी विधेयक में है.
