राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पंजाब के गुरदासपुर जिले के डल्ला मोर कादियां गांव में निशान साहिब हटाए जाने की शिकायत पर संज्ञान लिया है. आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से दो हफ्ते के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट जमा करने को कहा है.
आयोग की पीठ ने अधिकारियों से उस आदेश या आवेदन की प्रमाणित प्रति भी मांगी है, जिसके आधार पर निशान साहिब हटाने की अनुमति दी गई थी. यदि ऐसा कोई आदेश मौजूद नहीं है, तो सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किन परिस्थितियों में हुआ और अब तक क्या कदम उठाए गए हैं.
शिकायत के अनुसार, एक स्थानीय किसान ने गुरुद्वारा साहिब के लंगर हॉल के निर्माण के लिए अपनी 10 मरला जमीन दान की थी. इसके बाद वहां सिख संगत ने परंपरा के अनुसार निशान साहिब स्थापित किया. शिकायत में आरोप है कि विरोधी गुट ने राजनीतिक संरक्षण और सरकारी संसाधनों के कथित इस्तेमाल से इसे हटाया.
NHRC ने कहा है कि प्रथम दृष्टया आरोप मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़े हो सकते हैं. हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही होगी.
