पंजाब के गुरदासपुर जिले में पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार का शव सोमवार को मानकौर बाईपास के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

परिवार ने आशंका जताई है कि अज्ञात हमलावरों ने विनोद कुमार को गोली मारी. हालांकि, पुलिस ने अभी गोली लगने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों के मुताबिक, शव पर सिर में चोट के निशान मिले हैं और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा.

परिवार के अनुसार, विनोद कुमार रविवार रात अपने भाई से फोन पर बात कर रहे थे और उन्होंने बाईपास के पास से उन्हें ले जाने के लिए कहा था. भाई के मौके पर पहुंचने तक वह वहां नहीं मिले. इसके बाद परिवार ने तलाश शुरू की और उनका शव सड़क किनारे मिला.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.