गुरुग्राम में रात के समय सड़क और फुटपाथों पर दृश्यता बढ़ाने के लिए नगर निगम 19 प्रमुख सड़कों पर 2,480 स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना पर काम कर रहा है. निगम के अनुसार, इससे वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को रात में बेहतर रोशनी मिलेगी और दुर्घटनाओं का जोखिम घटाने में मदद मिलेगी.
पहले चरण में 10 सड़कों के फुटपाथों पर 2,050 लाइटें लगाई जाएंगी, जबकि नौ सड़कों के सेंट्रल वर्ज पर 430 लाइटें लगाने का प्रस्ताव है. मेदांता रोड के फुटपाथ पर स्ट्रीट लाइट लगाने का काम पूरा हो चुका है.
फुटपाथ रोशनी के लिए हुडा सिटी सेंटर से सिग्नेचर चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, बख्तावर सिंह चौक से मेदांता ट्रैफिक लाइट, हीरो होंडा चौक से बख्तावर चौक, मेफील्ड गार्डन-स्प्र रोड, सोहना रोड और धर्म मार्ग को शामिल किया गया है.
सेंट्रल वर्ज पर सेक्टर 45-46, 45-53, 51-52-57, 53-56, 44-52, 51-52, 45-48, गुरुग्राम विश्वविद्यालय रोड और 51-46 की सड़कों पर लाइटें लगाई जाएंगी. निगम ने नागरिकों से छूटी हुई सड़कों की जानकारी देने की अपील की है, ताकि उन्हें दूसरे चरण में शामिल करने पर विचार किया जा सके.
