गुरुग्राम पुलिस ने किराए को लेकर हुए विवाद में एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रोफेशनल को कथित तौर पर धमकाने वाले Uber चालक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 26 वर्षीय यासिर के रूप में हुई है, जो नूंह जिले के घासेड़ा गांव का निवासी है.

पुलिस ने बताया कि महिला ने X पर अपनी आपबीती साझा की थी. सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और उसी आधार पर FIR दर्ज की. पालम विहार थाने और सेक्टर-39 क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया.

महिला का आरोप है कि दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम पहुंचने के बाद ऐप पर करीब ₹625 किराया दिखा, लेकिन चालक ने Rapido का ₹1,479 वाला स्क्रीनशॉट दिखाकर अधिक राशि मांगी. भुगतान से इनकार करने पर उसने कथित तौर पर कार लॉक कर दी और सामान निकालने से रोका. महिला ने हाथ पकड़ने, घर तक पीछा करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने Uber अकाउंट किसी अन्य नाम से बनाया था. Uber ने कहा है कि चालक की ऐप तक पहुंच हटा दी गई है और जांच में कानून-प्रवर्तन एजेंसियों को सहयोग किया जाएगा.