दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के मद्देनजर गुरुग्राम प्रशासन ने 5 से 20 नवंबर 2026 तक धूल उड़ाने वाली निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक लगाने का आदेश दिया है. इसी अवधि में सरकारी और निजी कार्यालयों में अधिकतम 50 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति रखने को कहा गया है. बाकी कर्मचारियों को घर से काम करना होगा.
यह आदेश वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों के बाद जारी किया गया है. नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने संबंधित आदेश जारी करते हुए कार्यालयों को 5 नवंबर से पहले कर्मचारियों का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए हैं.
किन निर्माण कार्यों पर रोक
प्रतिबंध सामान्य इमारतों के निर्माण और तोड़फोड़ के अलावा सड़कों, हाईवे, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज, पाइपलाइन और टेलीकम्युनिकेशन से जुड़े धूल उड़ाने वाले बाहरी कार्यों पर भी लागू होगा. प्रशासन के अनुसार, मेट्रो, रेलवे, एयरपोर्ट, अस्पताल, बस टर्मिनल, जलापूर्ति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी कुछ आवश्यक परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के साथ छूट दी जा सकती है. इन परियोजनाओं को भी धूल नियंत्रण उपायों का पालन करना होगा.
निगरानी और कार्रवाई
सभी संबंधित विभागों को नियमों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया है. प्रतिबंध लागू होने से पहले विभागों को अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट अतिरिक्त निगमायुक्त (मुख्यालय) को सौंपनी होगी.
प्रशासन ने कहा है कि आदेश का उल्लंघन करने वाली एजेंसियों और ठेकेदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जरूरी सेवाओं और उन औद्योगिक इकाइयों को, जहां घर से काम करना संभव नहीं है, CAQM के नियमों के तहत सीमित छूट दी जाएगी.
