गुरुग्राम के सेक्टर 68 स्थित M3M Marina सोसायटी के एक किराये के फ्लैट में एक दंपती मृत मिला. पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को 15 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी.

पुलिस ने मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद असलम और 28 वर्षीय फरहाना के रूप में की है. असलम गुरुग्राम के सेक्टर 58 स्थित एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, जबकि फरहाना गृहिणी थीं.

पुलिस के मुताबिक, फ्लैट में फरहाना का शव फर्श पर मिला और असलम का शव पंखे से लटका हुआ था. शुरुआती जांच में महिला के गले पर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आई है. जांचकर्ताओं को फ्लैट से एक नोट भी मिला है.

जांच अधिकारियों का कहना है कि असलम ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को एक ई-मेल भेजा था, जिसमें पिता और मकान मालिक के संपर्क नंबर देकर उन्हें सूचित करने का अनुरोध किया गया था. ई-मेल मिलने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने मकान मालिक से संपर्क किया और पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस फिलहाल मौत के कारण, घटनाक्रम और ई-मेल की परिस्थितियों की जांच कर रही है. महिला की मौत का अंतिम कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा.