हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू होने के बाद गुरुग्राम, फरीदाबाद और नूंह में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है. हड़ताल 22 से 24 अक्टूबर तक चलनी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे से कई इलाकों में बिजली कटौती की शिकायतें सामने आईं और औद्योगिक इकाइयों पर भी असर पड़ा.
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के कर्मचारियों ने हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (HERC) के उस फैसले के विरोध में हड़ताल की है, जिसमें गुरुग्राम और नूंह के लिए निजी कंपनी Eleven Power को 25 साल का समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस दिया गया है. कर्मचारी संगठनों का कहना है कि इससे सरकारी वितरण निगम पर वित्तीय दबाव बढ़ सकता है और बिजली वितरण के निजीकरण का रास्ता खुल सकता है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हड़ताल शुरू होने के बाद बिजली विभाग को 12 घंटे में 3,000 से अधिक शिकायतें मिलीं. गुरुग्राम के उपायुक्त उत्तम सिंह ने कर्मचारियों के साथ बैठक कर हड़ताल वापस लेने की अपील की, लेकिन बातचीत से तत्काल समाधान नहीं निकला.
हरियाणा सरकार ने कहा है कि वह HERC के फैसले को अपीलीय विद्युत न्यायाधिकरण के समक्ष चुनौती देगी और इसके अमल पर रोक की मांग करेगी.
