हरियाणा सरकार गुरुग्राम और फरीदाबाद में बड़े प्रतिष्ठानों के लिए रूफटॉप सोलर पैनल लगाने का नियम फिर से लागू करने की तैयारी कर रही है. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत बड़े आवासीय परिसरों, होटल, व्यावसायिक परिसरों और कॉरपोरेट संस्थानों को वर्ष 2027 तक सौर पैनल लगाने होंगे.
राज्य में 500 वर्ग गज या उससे अधिक भूखंड पर बने भवनों के लिए सौर पैनल लगाने का प्रावधान वर्ष 2014 में किया गया था, लेकिन बड़े बिजली उपभोक्ताओं के बीच इसका पालन सीमित रहा. अब सरकार इस व्यवस्था को दोबारा प्रभावी बनाने के साथ अनुपालन बढ़ाने पर जोर दे रही है.
अधिकारियों की ओर से डीजल जनरेटर और पारंपरिक ग्रिड पर निर्भरता कम करने के लिए बड़े उपभोक्ताओं को प्रोत्साहन देने पर भी काम किया जा रहा है.
इसके अलावा, प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत हरियाणा ने 31 मार्च 2027 तक 2.22 लाख घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा है. राज्य सरकार ने योजना में तेजी लाने के लिए सौर ऊर्जा प्रोत्साहन और वित्तीय सहायता से जुड़े कदम भी उठाए हैं.
