गुरुग्राम में महिला बाइक सवार शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने के मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है. पुलिस के अनुसार, टीम का नेतृत्व ACP (Crime Against Women) सुशीला देवी करेंगी. इसमें सेक्टर-56 थाने के SHO इंस्पेक्टर मनोज यादव, CIA सोहना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर विनय और सोहना क्राइम यूनिट के ASI जगबीर व नरेंद्र शामिल हैं.
मामला गोल्फ कोर्स रोड का है, जहां पुलिस के मुताबिक रविवार को कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी. घटना के बाद सामने आए वीडियो में बाइक सवार सड़क पर गिरती और फिसलती दिखाई देती है. चौहान ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
आरोपी चालक कल्याण बैंसला और उसके साथ कार में मौजूद उसके रिश्तेदार लवनीश को गुरुग्राम की अदालत ने बुधवार को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा. पुलिस ने अपराध स्थल का दोबारा निरीक्षण और घटना का पुनर्निर्माण करने के लिए रिमांड मांगी थी. मामले की अगली सुनवाई 18 सितंबर को होगी. पुलिस ने कार जब्त कर ली है और मामले में हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराएं जोड़ी हैं.
