गुरुग्राम में हिट-एंड-रन मामले की पीड़ित बाइक सवार शिवानी चौहान उर्फ सिया ने कहा है कि वह केवल गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं हैं. उनका कहना है कि आरोपियों को सजा मिलने तक कार्रवाई पूरी नहीं मानी जा सकती. सिया ने यह बात मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने और मेडिकल जांच कराने के बाद कही.
पुलिस ने कार चालक कल्याण बैंसला और उसके रिश्तेदार लवनीश गुर्जर को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया है. सिया के मुताबिक, कार में दो अन्य लोग भी मौजूद थे और उन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए. उनके वकील अभिषेक चौहान ने कहा कि अगर आरोपी जमानत मांगते हैं तो उसका विरोध किया जाएगा.
यह घटना रविवार सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर हुई. सिया के अनुसार, एक Maruti Suzuki Ciaz ने उनकी Aprilia RS 457 बाइक को टक्कर मारी, जिसके बाद वह सड़क पर घिसटती चली गईं. घटना का वीडियो उनके और साथ चल रहे बाइक सवारों के कैमरों में रिकॉर्ड हुआ और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.
सिया ने उन दावों को भी खारिज किया कि वह ऑनलाइन लोकप्रियता के लिए घटना को बढ़ा-चढ़ाकर बता रही हैं. उन्होंने कहा कि वह 2022 में दिल्ली नगर निगम चुनाव लड़ चुकी हैं, इसलिए कई लोग उन्हें जानते हैं.
