गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक होटल में 35 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रांजिल पाठक का शव जकूजी में मिला. वह यूनाइटेड किंगडम के मैनचेस्टर में एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते थे और कुछ समय पहले ही भारत लौटे थे. उनकी जल्द शादी होने वाली थी.
पुलिस के अनुसार, प्रांजिल सोमवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश से लौटकर दिल्ली पहुंचे थे. उन्होंने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपने एक दोस्त को छोड़ा और इसके बाद गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित होटल में कमरा बुक किया. वह होटल के कमरा नंबर 302 में ठहरे थे.
रात करीब आठ बजे होटल कर्मचारियों को कुछ अनहोनी का संदेह हुआ. कमरे का दरवाजा खोलकर देखने पर बाथरूम में बने जकूजी के पानी में प्रांजिल अचेत मिले. डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. सूचना मिलने पर सेक्टर-53 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.
CCTV फुटेज और फोरेंसिक जांच
पुलिस ने होटल की तीसरी मंजिल के अलावा मुख्य प्रवेश और निकास द्वार के CCTV फुटेज की जांच की है. शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद कोई बाहरी व्यक्ति अंदर नहीं गया था. कमरे का दरवाजा भी भीतर से बंद था. हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की है.
जांच में जकूजी में नहाते समय हार्ट अटैक, पैर फिसलने से हादसा और पानी में डूबने समेत कई संभावित पहलुओं को शामिल किया गया है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा. प्रांजिल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के रहने वाले थे. उनकी मौत की खबर से परिवार में शोक है और आगरा में शादी की तैयारियां चल रही थीं.
