गुरुग्राम प्रशासन ने 50% वर्क फ्रॉम होम नियम का पालन नहीं करने के आरोप में दो प्रमुख लॉ फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. यह कार्रवाई शहर में बिगड़ती वायु गुणवत्ता के बीच की गई है.
Badshahpur के उपमंडल अधिकारी के नेतृत्व में 5 नवंबर को Sector 42 स्थित Godrej GCR परिसर में दोनों कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया. प्रशासन के अनुसार, JSA Advocates & Solicitors के 117 कर्मचारियों में से करीब 87 कार्यालय में मौजूद मिले. वहीं, Trilegal के 262 कर्मचारियों में से लगभग 160 कर्मचारी परिसर में पाए गए. दोनों मामलों में उपस्थिति 50% की निर्धारित सीमा से अधिक थी.
24 घंटे में दस्तावेज जमा करने का निर्देश
प्रशासन ने दोनों फर्मों से 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब मांगा है. उनसे कुल कर्मचारी संख्या, निरीक्षण के दिन की बायोमेट्रिक या उपस्थिति रिपोर्ट, कार्यालय आने वाले कर्मचारियों की सूची और घर से काम करने वाले कर्मचारियों का विवरण भी मांगा गया है.
गुरुग्राम के उपायुक्त ने 3 नवंबर को 5 से 20 नवंबर तक निजी कार्यालयों में अधिकतम 50% कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति का आदेश जारी किया था. असंतोषजनक जवाब मिलने पर CAQM अधिनियम, 2021 की धारा 14 के तहत आगे की कार्रवाई हो सकती है.
