गुरुग्राम के सोहना-दोहला रोड स्थित एमवीएन सोसाइटी में गुरुवार को एक महिला की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना टावर नंबर-8 में हुई. मृतका की पहचान दीपा के रूप में हुई है. वह सोसाइटी के पूर्व जॉइंट सेक्रेटरी जतिन उर्फ जितेंद्र की पत्नी थीं.
जानकारी के मुताबिक, महिला के नीचे गिरने की आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे. उस समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सोहना नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
मायके वालों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
दीपा के मायके वालों ने उनके पति जतिन पर शराब के नशे में मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. परिजनों का दावा है कि घरेलू विवाद और कथित प्रताड़ना के कारण दीपा परेशान रहती थीं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन परिस्थितियों की वजह से वह मानसिक दबाव में थीं.
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जतिन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. जांच अधिकारी हरिओम के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले महिला के साथ क्या हुआ था और वह किन परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से नीचे गिरीं.
दीपा अपने पीछे आठ साल का बेटा छोड़ गई हैं. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियों से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं. रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल महिला की मौत और परिजनों द्वारा लगाए गए घरेलू हिंसा व मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की जांच जारी है.
