गुरुग्राम के सेक्टर-89 में शुक्रवार रात दोस्तों के बीच विवाद के बाद एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी Mahindra Thar से कैब को कई बार टक्कर मार दी. घटना का वीडियो राहगीरों ने रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चार युवक दिल्ली नंबर वाली Thar से सेक्टर-89 पहुंचे थे. विवाद के बाद दो युवक अलग हो गए और घर लौटने के लिए Rapido कैब बुक की. कैब के पहुंचने पर दोनों उसमें बैठने लगे, तभी उनके साथी ने SUV से कैब को टक्कर मारनी शुरू कर दी. रिपोर्ट्स में बताया गया है कि Thar चालक ने वाहन को पीछे लेकर कई बार कैब में भिड़ाया.
टक्कर से कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों फ्रंट एयरबैग खुल गए. कैब चालक और दोनों युवकों को गंभीर चोट नहीं आई.
वीडियो में Thar चालक को वाहन से बाहर निकलकर गाली-गलौज करते देखा जा सकता है. प्रत्यक्षदर्शियों ने उसके और उसके साथी के नशे में होने का दावा किया, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी. पुलिस दिल्ली पंजीकरण वाली Thar के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश कर रही है.
