गुरुग्राम के बादशाहपुर थाने के SHO राजेश बागरी को दिल्ली के रियल एस्टेट कारोबारी युवराज सिंह मनचंदा की हत्या के मामले में कथित लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल पांच पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई हुई है.

31 वर्षीय युवराज का शव 10 सितंबर को गुरुग्राम के सेक्टर 70 में पानी से भरे एक गड्ढे के पास मिला था. पुलिस ने उसे अज्ञात शव के रूप में दर्ज किया और 14 सितंबर को अंतिम संस्कार कर दिया. आरोप है कि शव से जुड़ी जानकारी और तस्वीरें समय पर ZIPNET पर अपलोड नहीं की गईं. यह पोर्टल लापता लोगों और अज्ञात शवों की पहचान में मदद करता है.

युवराज की बहन हरसिमरन मनचंदा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि परिवार को शव की पहचान का अवसर नहीं मिला. अदालत ने दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस आयुक्तों से जवाब मांगा है. याचिका में लापता व्यक्तियों और अज्ञात शवों से निपटने के लिए पूरे देश में एक समान Standard Operating Procedure बनाने की मांग की गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हरियाणा पुलिस ने इस मामले के बाद अज्ञात शवों की जांच और दस्तावेजीकरण से जुड़ी प्रक्रिया में बदलाव भी किए हैं.