गुरुग्राम के सेक्टर 89 में दोस्तों को ले जा रही एक कैब को कथित तौर पर बार-बार थार से टक्कर मारने के आरोप में पुलिस ने 25 वर्षीय मनजीत रावत को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद इस्तेमाल की गई थार भी बरामद कर ली गई है.

यह घटना देर रात सती चौक के पास हुई. पुलिस के मुताबिक, कैब चालक और उसमें सवार दो यात्री बाल-बाल बच गए. टक्कर इतनी तेज थी कि कैब के दोनों फ्रंट एयरबैग खुल गए और वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना का एक वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया.

पुलिस ने बताया कि 18 सितंबर को एक कैब चालक ने खेड़की दौला थाने में शिकायत दी थी. शिकायत के अनुसार, वह कैब चला रहा था, तभी एसयूवी चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी कार को अचानक टक्कर मार दी. इसके बाद मामला दर्ज किया गया.

पुलिस के मुताबिक, मनजीत रावत दिल्ली के भरथल गांव का रहने वाला है और उसे 19 सितंबर को गुरुग्राम से पकड़ा गया. पूछताछ में पुलिस को पता चला कि वह गांव के दोस्तों के साथ सोहना जा रहा था. पुलिस का दावा है कि रास्ते में सभी ने शराब पी थी और वाहन चलाने को लेकर उनके बीच बहस के बाद मारपीट हुई.

पुलिस के अनुसार, इसके बाद उसके दोस्तों ने वहां से जाने के लिए कैब बुक की. आरोप है कि रावत ने उसी कैब को थार से टक्कर मारी. पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच अभी चल रही है.