गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया है. राइडर सिया के मुताबिक, कार सवार युवक पहले उन्हें रुकने का इशारा कर रहे थे और आपत्तिजनक संकेत कर रहे थे. जब उन्होंने बाइक नहीं रोकी, तो कार ने ओवरटेक कर उनकी स्पोर्ट्स बाइक को बगल से टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं. उनके अनुसार, बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई. घटना बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. सिया ने बताया कि राइडिंग गियर पहने होने के कारण उन्हें गंभीर चोट नहीं आई.

ट्रैफिक सिग्नल पर पीछा छुड़ाकर भागे

सिया के मुताबिक, टक्कर के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए. उनके एक साथी ने बाइक से कार का पीछा किया, लेकिन ट्रैफिक सिग्नल के पास कार सवारों ने रास्ता बदलकर पीछा छुड़ा लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान अभी नहीं हुई है और उन्हें पकड़ने के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं.

गुरुग्राम पुलिस के ACP हेडक्वार्टर अभिलक्ष जोशी ने बताया कि पीड़ित की ओर से अभी लिखित शिकायत नहीं मिली थी. इसके बावजूद पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. पुलिस ने कहा है कि जांच में जो भी लोग शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कार के मालिक मनीष ने बताया कि वह सेना में हैं और उनका मित्र कल्याण बैंसला दो दिन पहले कार लेकर गया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कल्याण से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कल्याण पलवल का निवासी है और जिम चलाता है. इस मामले में उसकी भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही होगी.