दिल्ली के सरिता विहार निवासी 31 वर्षीय युवराज सिंह मनचंदा की हत्या के आरोप में पुलिस ने उनकी पूर्व सहकर्मी अन्या वत्स और उसके साथी सान्यम सचदेवा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, युवराज 6 सितंबर को लाजपत नगर के एक रेस्तरां से यह कहकर निकले थे कि उन्हें गुरुग्राम में बैठक के लिए जाना है और वे रात तक लौट आएंगे.

जब उनका फोन बंद मिला और वे घर नहीं लौटे, तो उनकी बहन ने 11 सितंबर को लाजपत नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. जांच में कॉल रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया गया. पुलिस के मुताबिक, युवराज की आखिरी बातचीत अन्या वत्स से हुई थी.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अन्या एक नए मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रही थी और उसकी लोकेशन उत्तराखंड में मिली. टीम ने वहां से अन्या और सान्यम को पकड़ा. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने युवराज की हत्या और शव को गुरुग्राम के बादशाहपुर थाना क्षेत्र के एक नाले में फेंकने की बात बताई.

10 सितंबर को नाले से मिले अज्ञात शव की तस्वीरों और कपड़ों के आधार पर युवराज के परिवार ने उसकी पहचान की. अदालत ने दोनों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है. हत्या के कारण और घटनाक्रम की आगे जांच जारी है.