गुवाहाटी को प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नेटवर्क से जोड़ने की मंजूरी मिल गई है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को कहा कि यह पूर्वोत्तर के लिए महत्वपूर्ण फैसला है, लेकिन परियोजना को जमीन पर उतारने से पहले कई तकनीकी और निर्माण संबंधी चरण पूरे करने होंगे.

सरमा के अनुसार, परियोजना के लिए विस्तृत सर्वे, रूट अलाइनमेंट, तकनीक का चयन और निर्माण रणनीति तय की जानी बाकी है. उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन मौजूदा रेलवे ट्रैक पर नहीं चल सकती, इसलिए पूरी तरह अलग और समर्पित रेल कॉरिडोर बनाना होगा.

‘चिकन नेक’ में सबसे बड़ी चुनौती

दिल्ली से गुवाहाटी प्रस्तावित कॉरिडोर को सिलीगुड़ी कॉरिडोर से गुजरना होगा, जिसे ‘चिकन नेक’ कहा जाता है. यह क्षेत्र कुछ हिस्सों में करीब 22 किलोमीटर और कहीं-कहीं लगभग 16 किलोमीटर चौड़ा है. यहां पहले से राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे लाइन मौजूद हैं, इसलिए नई हाई-स्पीड रेल लाइन के लिए सीमित जगह उपलब्ध होगी.

सरमा ने कहा कि इस हिस्से में लाइन को भूमिगत या ऊंचे ढांचे पर बनाने के विकल्पों पर विचार करना पड़ सकता है. निर्माण पद्धति और तकनीक के आधार पर परियोजना की लागत सामान्य स्थिति की तुलना में दो से तीन गुना तक बढ़ सकती है. मुख्यमंत्री ने बताया कि वह दिल्ली दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से परियोजना के तकनीकी विवरण और प्रस्तावित रूट पर चर्चा करेंगे.