हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने भारतीय वायु सेना को पहले तीन HTT-40 बेसिक ट्रेनर विमान सौंप दिए हैं. इन विमानों का इस्तेमाल नए पायलटों की शुरुआती उड़ान ट्रेनिंग के लिए किया जाना है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, HTT-40 के जरिए पूरी तरह नए पायलटों का प्रशिक्षण शुरू होने में दो साल तक का समय लग सकता है.

पहले HTT-40 की डिलीवरी 18 सितंबर को बेंगलुरु में हुई थी. वायु सेना इन विमानों को हैदराबाद के पास स्थित एयरफोर्स अकादमी में तैनात करेगी. हालांकि, प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने से पहले 25 से 30 विमानों का बेड़ा तैयार करना होगा. इसके अलावा, फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स को भी HTT-40 उड़ाने और नए पायलटों को प्रशिक्षित करने के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी.

70 विमानों का है रक्षा मंत्रालय का कॉन्ट्रैक्ट

रक्षा मंत्रालय ने 70 HTT-40 विमानों के लिए HAL को कॉन्ट्रैक्ट दिया है. मौजूदा हैंडओवर इसी अनुबंध के तहत डिलीवरी की शुरुआत है. इस बेसिक ट्रेनर विमान को ‘अंकुर’ नाम दिया गया है. इसे भारतीय रक्षा सेवाओं की शुरुआती पायलट प्रशिक्षण जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है.

फिलहाल नए पायलटों की शुरुआती फ्लाइंग ट्रेनिंग Pilatus PC-7 MkII बेसिक ट्रेनर विमानों से होती है. इसके बाद पायलटों को फाइटर, ट्रांसपोर्ट और हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में बांटा जाता है. इससे पहले भारतीय वायु सेना HAL के HPT-32 ‘दीपक’ जैसे स्वदेशी ट्रेनर विमान का भी इस्तेमाल कर चुकी है.

18 सितंबर के बेंगलुरु कार्यक्रम में वायु सेना को दो LCA तेजस टू-सीटर ट्रेनर और एक HTT-40 सौंपे गए थे. इसी कार्यक्रम में पवनहंस लिमिटेड को चार नेक्स्ट जेनरेशन ध्रुव हेलिकॉप्टर भी दिए गए थे.